•गोरखनाथ मंदिर में दूसरे दिन भी सुनीं 200 से अधिक फरियादें, इलाज व जनकल्याण योजनाओं पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
रिपोर्ट: एल०एम० पाण्डेय।
गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं।
जनता दर्शन के दौरान कमजोर वर्ग के लोगों द्वारा दबंगों की धमकी और उत्पीड़न की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गुंडागर्दी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए तथा जमानत पर छूटे अभियुक्त यदि वादी को धमकाएं तो उनकी जमानत निरस्त कराई जाए।
महन्त दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार का संकल्प है। अधिकारियों को बिना भेदभाव न्याय दिलाने, पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने तथा भू-माफिया और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल से उपचार का अनुमान (एस्टीमेट) मिलते ही सरकार आर्थिक मदद उपलब्ध कराएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी स्नेहपूर्वक मुलाकात की, उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद प्रदान किया।
