•यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित जीवन की पहचान— प्रियंवदा सिंह, एआरटीओ
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर संदीप कुमार मीना के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत बुधवार को मेहदावल बाइपास पर सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली का नेतृत्व यातायात प्रभारी परमहंस ने किया, जिसमें ब्लूमिंग बर्ड्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में क्षेत्राधिकारी यातायात प्रियम राजशेखर एवं एआरटीओ संत कबीर नगर सुश्री प्रियंवदा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
ब्लूमिंग बर्ड्स स्कूल के छात्र अभय सिंह, आदित्य वर्मा, आयुष मिश्रा, अंश यादव, अनन्या सिंह, आराध्या पांडेय एवं सृष्टि त्रिपाठी ने हाथों में बैनर व तख्तियां लेकर “हेलमेट पहनें—जीवन बचाएं”, “सीट बेल्ट है जरूरी”, “तेज रफ्तार नहीं, सुरक्षित परिवार” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।
यातायात प्रभारी परमहंस ने कहा कि बच्चों के माध्यम से दिया गया संदेश समाज पर गहरा प्रभाव डालता है। यदि छात्र कम उम्र से ही यातायात नियमों का पालन करें, तो भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात प्रियम राजशेखर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं एआरटीओ सुश्री प्रियंवदा सिंह ने वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा सभी वाहन प्रपत्र पूर्ण रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों को सुरक्षित यातायात का संकल्प दिलाया गया।
