लखनऊ। हरदोई रोड स्थित लखनऊ विकास प्राधिकरण की बसन्तकुंज आवासीय योजना में बनाये गए नवनिर्मित “राष्ट्र प्रेरणा स्थल” पर 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की सुरक्षा, सुव्यवस्था और सफलता सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ पुलिस एवं प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
इस कार्यक्रम में लगभग 1,50,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिससे इसे सुरक्षा दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लखनऊ पुलिस ने इस कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन पहचान” शुरू किया है। इसके तहत पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में बाहर से आए निवासियों और किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जा रहा है। सभी बीट प्रभारियों ने मकान मालिकों को जागरूक कर किरायेदारों का विवरण प्राप्त किया और भौतिक सत्यापन कराया, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को प्रवेश न मिल सके।
सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए शहर के सभी होटलों, रेस्टोरेंट, लॉज, धर्मशालाओं, ढाबों, क्लबों के साथ-साथ रेलवे और बस स्टेशनों की सघन जांच की जा रही है। वहां ठहरे व्यक्तियों की आईडी, उनके ठहरने का कारण और रजिस्टर से मिलान की सूक्ष्म समीक्षा की जा रही है। साथ ही, अमौसी एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले वैकल्पिक मार्गों पर तीन किलोमीटर की परिधि में झुग्गी-झोपड़ियों और निवासियों का गहन सत्यापन किया गया।
इस सुरक्षा अभियान में कुल 4,312 पुलिस कर्मियों के साथ 18 कंपनियों पीएसी और 4 कंपनियों आरएएफ तैनात हैं। इसके अलावा, विशेषज्ञ टीमें भी सक्रिय हैं, जिनमें दो NSG स्नाइपर व एंटी-ड्रोन टीमें, एक ATS टीम, दो एंटी-ड्रोन टीमें और 14 एंटी-सबोटाज जांच टीमें शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन सुबह छह बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से अभियान की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं।सभी पुलिस और प्रशासनिक इकाइयों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें ड्यूटी पॉइंट, रूट प्लानिंग और वीवीआईपी प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए रूट रिहर्सल, मेडिकल रिस्पांस और भीड़ प्रबंधन की मॉक-ड्रिल संपन्न करवाई गई।तकनीकी रूप से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पूरे क्षेत्र की 24×7 सीसीटीवी निगरानी विशेष कंट्रोल रूम से की जा रही है। अमौसी एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।
कार्यक्रम क्षेत्र में पुलिस, पीआरवी व्हीकल, पिंक स्कूटी, पॉलीगॉन और ईगल मोबाइल जैसी तकनीकी सहायता टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल और आसपास की ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सशस्त्र क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और रिजर्व पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। पीएसी बल सुरक्षा, शांति और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
लखनऊ पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी किए गए यातायात डायवर्जन का पालन करें।
पुलिस ने आश्वासन दिया कि सभी प्रयासों के माध्यम से कार्यक्रम सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण रूप से संपन्न कराया जाएगा, ताकि प्रधानमंत्री के आगमन और राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन का यह ऐतिहासिक अवसर लखनऊ के लिए गौरव का विषय बने।
