लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया गया है। आयोग की वेबसाइट पर 20 मार्च 2026 से विज्ञापन उपलब्ध करा दिया गया है।
इस बार की परीक्षा में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) दोनों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधार और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, और यूपीटीईटी-2026 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए इस बार वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को पहले ओटीआर पूरा करना होगा, इसके बाद ही वे परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और प्रक्रिया में तेजी आएगी।
उप सचिव संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि आवेदन प्रक्रिया 27 मार्च 2026 से शुरू होकर 26 अप्रैल 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को 1 मई 2026 तक आवेदन में संशोधन और शुल्क संबंधी समस्याओं के समाधान का अवसर भी दिया जाएगा।
यूपीटीईटी-2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को प्रस्तावित है। आयोग का उद्देश्य योग्य और प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति के माध्यम से प्रदेश की बेसिक शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पूर्व आधिकारिक विज्ञापन और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
