बस्ती। बस्ती–महसो–महुली मार्ग पर स्थित दसकोलवा पेट्रोल पंप के पास रिंग रोड के ओवरब्रिज का निर्माण पिछले कई महीनों से चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क के किनारे विभाग द्वारा लगभग सौ फीट चौड़ा गड्ढा खोद दिया गया था, जिसे बाद में केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। इससे वह स्थान दलदल में तब्दील हो गया है।
इस दलदल के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात्रि के समय यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है। सड़क के किनारे बने इस गड्ढे से किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से महिलाओं का भी नियमित आवागमन होता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। रविवार देर रात इसी दलदल में एक गाय का बच्चा गिर गया। सुबह घटना की जानकारी गांव के लोगों को हुई, जिसके बाद प्रधानपति शैलेंद्र कुमार पांडे उर्फ रिंकू पांडे को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही प्रधानपति दर्जनों ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बांस, बल्ली और रस्सियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद गाय के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस राहत कार्य में अजीत कुमार, वेद, संजय, कुबेर, मंगरु सहित कई ग्रामीणों ने सहयोग किया।
ग्रामीणों ने निर्माण विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द गड्ढे को सुरक्षित ढंग से भरवाने और उचित सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
