बस्ती। जनपद में अवैध खनन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने सोमवार को बड़े बन के पास एक निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जिले में खनन नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद खनन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप लगाया कि कुछ ठेकेदार दबंगई और रिश्वत के दम पर अवैध खनन कर रहे हैं, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
बताया गया कि सल्टौआ गोपालपुर विकास खंड के दसिया क्षेत्र में एक शराब फैक्ट्री के निर्माण के लिए लगभग 300 बीघे भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी खनन कराया जा रहा है। इस प्रक्रिया में खनन माफियाओं और संबंधित लोगों की मिलीभगत से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि एक दबंग ठेकेदार पूरे तंत्र पर हावी है और खनन अधिकारी किसी दबाव में चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को भी निराधार बताया। उन्होंने कहा कि गोबरहिया निवासी राजेश शुक्ला उर्फ बबलू द्वारा लगाए गए आरोप जांच में गलत साबित हुए हैं। उन्होंने मांग की कि झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
