•सरदार सेना ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच व सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग।
बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के शोभनपार निवासी सूरज चौधरी, जो इन दिनों जिला कारागार बस्ती में बंद हैं, के साथ मारपीट और उत्पीड़न का आरोप सामने आया है। उनकी पत्नी अंजनी चौधरी ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में बुधवार को सरदार सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश पटेल एवं जिलाध्यक्ष विनय चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारियों, पीड़िता और परिजनों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई, बंदी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समुचित इलाज कराने की मांग की गई।
डीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन सौंपने के बाद सरदार सेना नेता बृजेश पटेल ने बताया कि जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बंदी की पत्नी की मुलाकात कराने और इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। पीड़िता ने आवश्यकता पड़ने पर निजी अस्पताल में इलाज कराने की भी मांग की है।
जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप
अंजनी चौधरी का आरोप है कि उनके पति के जान-माल को खतरा है। उन्होंने डिप्टी जेलर वंदना त्रिपाठी, डिप्टी जेलर रोशन, सोनू, फूलचंद, प्रदीप सहित कई कर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
सरदार सेना ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए, परिवार से मिलने पर रोक न लगे तथा बंदी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि बंदी के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी जेल प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने में रहे मौजूद
ज्ञापन के दौरान अंजनी चौधरी, अशोक चौधरी, राजन चौधरी, रमेश चौधरी, शमसेद चौधरी, लवकुश चौधरी, राजेश चौधरी, चंद्रेश, विशाल, प्रभात गौतम, अंजलि, राजकुमारी, विद्या पटेल, मालती देवी, सुमित्रा देवी, सुमन चौधरी, सुनीता चौधरी सहित सरदार सेना के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
