बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल के नेतृत्व में पदाधिकारियों और शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जनगणना कार्य में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित 5 सूत्रीय ज्ञापन उप जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा।
।ज्ञापन में बताया गया कि जनगणना 2027 के तहत बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों और एआरपी की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे विद्यालयों में संचालित शैक्षिक कार्य और विभिन्न सरकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। ऐसे शिक्षकों को इस ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग की गई है।
इसके अलावा, पति-पत्नी दोनों के शिक्षक होने की स्थिति में दोनों की ड्यूटी लगाए जाने से बच्चों की देखभाल में कठिनाई हो रही है। संघ ने मांग की कि ऐसे मामलों में किसी एक को ड्यूटी से मुक्त किया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जनगणना प्रशिक्षण के दौरान एचएलओ ऐप डाउनलोड करने में पुराने मोबाइल फोन के कारण समस्या आ रही है, जबकि नया मोबाइल खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। इस समस्या के समाधान की भी मांग की गई है।
संघ ने गर्भवती एवं प्रसूति अवकाश पर चल रही शिक्षिकाओं को ड्यूटी से मुक्त रखने तथा जनगणना कार्य के लिए प्रतिकर अवकाश स्वीकृत करने की भी मांग उठाई है, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल ने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शीघ्र ही प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
संघ के जिला प्रवक्ता सूर्य प्रकाश शुक्ल के अनुसार प्रतिनिधिमंडल में जिला मंत्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष अभय सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद दूबे, अभिषेक उपाध्याय, शैल शुक्ल, रीता शुक्ला, पटेश्वरी प्रसाद निषाद, रजनीश मिश्र, ओम प्रकाश पांडेय, अमित पांडेय, नीरज पांडेय, मंजेश राजभर, शिवाकांत पांडेय, रवि प्रताप सिंह, दिग्विजयनाथ यादव और मारूफ खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
