
•जिले में 3220 गांवों के 13 लाख 30 हजार 380 कृषि प्लाटों का होना है सर्वे
•10 लाख 87 हजार 473 प्लाट का सर्वे पूरा कर लेना का दावा
दो लाख 42 हजार 907 प्लाट सर्वे से रह गए हैं शेष
बस्ती। किसान के खेत में कौन सी फसल लगाई गई है, जमीन सिंचित है या असिंचित, सरकारी है या निजी, समेत तमाम जानकारियां अब घर बैठे प्राप्त की जा सकेंगी। इसके लिए ई खसरे में दर्ज 46 कॉलम की सूचना का आनलाइन डेटा पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है। इस कार्य में कृषि, राजस्व व पंचायत कर्मियों को लगाया गया है। जिले अब तक 3220 गांवों के 13 लाख 30 हजार 380 कृषि प्लाटों का सर्वे होना है। अभी तक तीन विभागों के कर्मचारियों ने 10 लाख 87 हजार 473 प्लाट का सर्वे पूरा कर लिया है। फिलहाल दो लाख 42 हजार 907 प्लाट सर्वे से शेष रह गए हैं। इसके अलावा चकबंदी वाले गांवों में ई-खसरा अभी नहीं होगा।
हर्रैया तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक 1478 गांव हैं। इसी तरह सदर में 1054, भानपुर 428 तथा रुधौली तहसील में 260 गांव शामिल हैं। जिन गांवों में चकबंदी चल रही है। वहां ई-खसरा का कार्य अभी नहीं होगा। ऐसे में इन गांवों का खसरा भी आनलाइन अपलोड नहीं होगा। 3220 गांवों में से 1803 में मैपिंग का कार्य पूरा हो गया है। शेष गांवों में सर्वे कार्य प्रक्रियाधीन है। विवरण पोर्टल पर अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ई-खसरे को आनलाइन किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी जमीनों पर होने वाले कब्जों की भी जानकारी आसानी से हो सकेगी। मुकदमें के निस्तारण में एक क्लिक पर विवादित प्लाट को आनलाइन देखा जा सकेगा।
—
फसल बीमा की धनराशि कंपनियों को देने में होगी आसानी
किस गाटा में कौन सी फसल कितने क्षेत्र में लगाई गई हैं, इसकी जानकारी राजस्व विभाग व बीमा कंपनियों को कार्यालय में बैठकर मिल जाएगी। इससे मुआवजा व बीमा दावे के मामले निपटाने में तेजी आएगी।
—
चकबंदी वाले 82 गांवो में नहीं हाे पाएगा सर्वे
जिन गांवों में चकबंदी चल रही है उसे छोड़ कर अन्य सभी में मैपिंग का कार्य किया जाना है। जिले के 82 गांवों में चकबंदी चल रही है। जिसमें हर्रैया तहसील में सर्वाधिक 40, सदर में 23, रुधौली में 14 तथा भानपुर में पांच गांव शामिल हैं।
तहसीलवार गांव व ई-खसरा प्लाट का लक्ष्य
तहसील सदर 1054 गांव, 461685 प्लाट का लक्ष्य, पूरा 371533 अवशेष 90152
तहसील हर्रैया 1478 गांव, 560725 प्लाट का लक्ष्य, पूरा 439345 अवशेष 121380
तहसील भानपुर 428 गांव, 210804 प्लाट का लक्ष्य, पूरा 186972 अवशेष 23832
तहसील रुधौली 260 गांव, 97166 प्लाट का लक्ष्य, पूरा 89623 अवशेष 7543
–
ई-खसरा सर्वे कार्य में लेखपाल, कृषि विभाग में कार्यरत टीएसी, एटीएम, बीटीएम, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और किसान मित्रों आदि को लगाया गया है। उन्हें सर्वे का कार्य अविलंब पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
•प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर जिलाधिकारी, बस्ती