सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के लम्भुआ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश तालिब उर्फ आज़म खान (26) को मार गिराया।
पुलिस के अनुसार तालिब पर गोकशी, लूट, चोरी सहित करीब एक दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी थी। मुठभेड़ की पुष्टि लम्भुआ कोतवाली प्रभारी संदीप राय ने की है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इनामी अपराधी तालिब के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसओजी और लम्भुआ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तालिब गोली लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे लम्भुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मारा गया बदमाश तालिब उर्फ आज़म खान, पुत्र गफ्फार खान, गौरिया थाना फरधान, जिला लखीमपुर खीरी का निवासी था और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पूरे मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और हाल के दिनों में कई वांछित बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की गई है।
