सुल्तानपुर। जागृत ब्राह्मण समाज के 31वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को कम्बल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पिछले 31 वर्षों से राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. रूपेश शुक्ला के संयोजन में निरंतर संचालित हो रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में किया गया, जहां समाज के हजारों लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं ब्राह्मण शिरोमणि कृष्ण कुमार पाण्डेय उर्फ कक्कू पाण्डेय तथा समाजसेवी डॉ. डी.एस. मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जागृत ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का शाल भेंट कर भव्य स्वागत किया। सभागार “जय परशुराम” के नारों से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार पाण्डेय उर्फ कक्कू पाण्डेय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रबुद्ध समाज सभी समाजों को साथ लेकर चलने का कार्य करता है। उन्होंने ब्राह्मण समाज के प्रत्येक सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहने का वादा किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. रूपेश शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि अब ब्राह्मण समाज किसी की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा ब्राह्मण समाज अपनी हर दिशा स्वयं तय करेगा, किसी का पिछलग्गू नहीं बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज पर हो रहे अत्याचारों को लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया तथा एकजुटता पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में हजारों गरीब परिवारों को कम्बल वितरित किए गए। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी प्रबुद्धजनों का पं. रूपेश शुक्ला एवं जागृत ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया।
