के.के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। सेमरियावां विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिसवा फताउल्लाह में सोशल ऑडिट टीम द्वारा दो दिवसीय स्थलीय एवं भौतिक सत्यापन के बाद आयोजित खुली बैठक में ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर खामियां उजागर हुईं।
सोशल ऑडिट टीम ने ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जांच के उपरांत ग्रामीणों को बिंदुवार जानकारी दी। टीम ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य कराए जाने का दावा किया गया है, लेकिन किसी भी परियोजना स्थल पर सीआईबी (सूचना) बोर्ड नहीं पाए गए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने में भी असफल पाई गई।
खुली बैठक में सोशल ऑडिट टीम के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर देवेंद्र तिवारी ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों से संबंधित कोई भी अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। मजबूरी में जिले से प्राप्त एमआईएस (MIS) रिपोर्ट के आधार पर स्थल निरीक्षण कर खुली बैठक कराई गई।
बैठक के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) और तकनीकी सहायक भी मौके पर उपस्थित नहीं पाए गए। टीम के अनुसार ग्राम पंचायत में कुल पांच परियोजनाओं पर कार्य कराए गए, जिनमें दो कच्चे और तीन पक्के कार्य शामिल हैं, लेकिन किसी भी कार्यस्थल पर सीआईबी बोर्ड नहीं मिले।
मनरेगा मजदूरों ने बैठक में शिकायत की कि उन्हें शासन द्वारा निर्धारित मजदूरी कम मिल रही है और भुगतान समय पर नहीं होता। मजदूरों ने मजदूरी बढ़ाए जाने तथा समय से भुगतान की मांग रखी। साथ ही बताया कि ग्राम पंचायत में कुल 135 मनरेगा मजदूर पंजीकृत बताए गए, जिनमें से 90 मजदूर सक्रिय हैं, लेकिन कई मजदूरों के पास जॉब कार्ड उपलब्ध नहीं हैं। मजदूरों का कहना है कि प्रधान काम तो करवा लेते हैं, लेकिन जॉब कार्ड कहां है इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी जाती।
मजदूरों ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराकर शासन को सूचित किए जाने का आग्रह किया। खुली बैठक में ग्राम प्रधान व प्रधान प्रतिनिधि की अनुपस्थिति भी सवालों के घेरे में रही।
हालांकि बैठक के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों द्वारा आम सहमति व्यक्त करते हुए सोशल ऑडिट टीम द्वारा नामित अध्यक्ष का स्वागत किया गया और ताली बजाकर आभार प्रकट किया गया।
सोशल ऑडिट की यह रिपोर्ट ग्राम पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
