बस्ती। सामाजिक कार्यकर्ता रामलौट ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को ज्ञापन सौंपकर जनपद के हर्रैया तहसील क्षेत्र में अधूरी पड़ी ओवरहेड पानी की टंकियों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि कप्तानगंज विकास खंड क्षेत्र के मरवटिया तिवारी और खेमराजपुर तथा दुबौलिया विकास खंड क्षेत्र के एकडेंगवा गांव में मेगा इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा ओवरहेड पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा था। कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण ग्रामीणों को पेयजल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
रामलौट ने कहा कि संबंधित विभाग की लापरवाही से क्षेत्रीय जनता को मूलभूत सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि अधूरी पड़ी ओवरहेड टंकियों का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से पूर्ण कराकर ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
