बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के महुड़र रेहरवा निवासी अर्चना यादव पत्नी जितेंद्र यादव ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मकान पर कब्जा करने की नीयत से आग लगाने के मामले में दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए पत्र में अर्चना यादव ने आरोप लगाया कि उनके पट्टीदार सूर्यभान यादव के पुत्र हर्ष यादव ने 8 फरवरी की भोर लगभग 3 बजे उनके घर में आग लगा दी। उनका कहना है कि घटना के पीछे मकान पर कब्जा करने की नीयत थी।
आगजनी की इस घटना में घर में रखा शादी का सोफा, बड़े बक्से में रखा सामान तथा सास-ससुर का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता के अनुसार, इसमें काफी बहुमूल्य वस्तुओं की क्षति हुई है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई तथा थाना पुरानी बस्ती में भी प्रार्थना पत्र सौंपा गया, किंतु अब तक पुलिस द्वारा अभियोग पंजीकृत नहीं किया गया है। पीड़िता ने दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई कर न्याय दिलाए जाने की मांग की है।
