•सीसीटीवी, प्रश्नपत्र सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था की हुई गहन समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
बस्ती। जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं के मद्देनजर अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान और अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने उपजिलाधिकारी सदर के साथ शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को शासन द्वारा जारी निर्देशों से अवगत कराया और पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज, बेगम खैर इंटर कॉलेज और ए.पी.एन. कॉलेज सहित कई केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई होगी।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए। प्रशासन की सख्ती से इस वर्ष परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाने के संकेत मिले हैं।
