प्रयागराज। बारा थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सोनकर को एंटी करप्शन टीम ने 75 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उन्होंने एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के नाम पर आरोपी पक्ष से घूस मांगी थी।
भदोही जनपद के सुरियावां थाना क्षेत्र स्थित लुकमानपुर निवासी संतोष कुमार दुबे ने एंटी करप्शन में शिकायत की थी कि बारा थाने में दर्ज मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के एवज में प्रभारी निरीक्षक ने 75 हजार रुपये की मांग की है। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत बुधवार दोपहर करीब 2:40 बजे शिकायतकर्ता रुपये लेकर थाने पहुंचा। फोन पर बातचीत के बाद इंस्पेक्टर ने उसे अपने कार्यालय में बुलाया। जैसे ही उन्होंने 75 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उन्हें दबोच लिया।
एंटी करप्शन के इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। आरोपी निरीक्षक को घूरपुर थाने ले जाकर लिखापढ़ी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि विनोद कुमार सोनकर मूल रूप से वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र के निवासी हैं और वर्ष 2012 में दरोगा से प्रोन्नत होकर निरीक्षक बने थे। इससे पहले वह प्रयागराज के खुल्दाबाद और शाहगंज थाने में भी प्रभारी रह चुके हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनका नाम विवेचना के दौरान जबरन मुकदमे में जोड़ा गया था और नाम हटाने के बदले पहले भी पैसे लिए गए थे। दोबारा 75 हजार रुपये की मांग पर उन्होंने एंटी करप्शन से शिकायत की, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।
