•पुलिस-प्रशासन व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कई शराब दुकानों का किया औचक निरीक्षण।
•टीम ने स्टॉक, बिक्री रजिस्टर व सुरक्षा मानकों की जांच की।
•अवैध बिक्री या ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी।
— के.के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। आगामी होली पर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के निर्देश पर जनपद में सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

आलोक कुमार (जिलाधिकारी) एवं संदीप कुमार मीना (पुलिस अधीक्षक) के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में तहसील मेहदावल क्षेत्र में पुलिस, प्रशासन एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया।
कई दुकानों की हुई गहन जांच
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदमन तथा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 मेहदावल बसंत प्रसाद उपस्थित रहे।
टीम द्वारा सोनौरा, नंदौर, टड़वरिया एवं मेहदावल क्षेत्र में स्थित कंपोजिट शराब दुकानों एवं देशी शराब दुकानों की सघन जांच की गई। मेहदावल बस स्टैंड स्थित दुकान का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रिकार्ड, वितरण व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।
अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अवैध शराब की बिक्री, ओवररेटिंग या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अनुज्ञापियों को निर्धारित समय सीमा एवं शासनादेशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा।
