बस्ती। रूधौली थाना क्षेत्र के विजलपुर निवासी मुरारी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर नए मकान के निर्माण में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
डीएम को दिए गए पत्र में मुरारी ने बताया कि गांव में स्थित डीही जमीन पर पूर्वजों के समय से दीवार बनी हुई है। उसी स्थान पर वह अपना नया मकान बनवाना चाहते हैं, लेकिन अर्जुन पुत्र सोहरत, सुनील पुत्र राजमन एवं रामावती पत्नी राजमन निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं।
मुरारी का आरोप है कि विपक्षी एक कथित फर्जी स्टाम्प दिखाकर डीही जमीन का बैनामा होने का दावा कर रहे हैं, जबकि उनके परिवार की ओर से किसी प्रकार का कोई बैनामा नहीं किया गया है। इस संबंध में रूधौली थाने पर शिकायती प्रार्थना पत्र भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे विपक्षियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच किसी अन्य अधिकारी से कराकर पुराने नींव पर दीवार निर्माण की अनुमति दिलाने की मांग की है।
पत्र सौंपने के दौरान आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सोनू चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
