कुदरहा (बस्ती)। आगामी होली एवं ईद त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना कलवारी पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न बाजारों और संवेदनशील इलाकों में बाइक फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का एहसास कराया। पुलिसकर्मी वर्दी में मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सायरन बजाते हुए बाजारों से गुजरे। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अराजक तत्वों में खलबली मची रही, वहीं आम जनमानस ने खुद को सुरक्षित महसूस किया।


यह अभियान कुदरहा क्षेत्र के अंतर्गत चलाया गया। फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुआ। क्षेत्राधिकारी संजय कुमार सिंह के निर्देशन में थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने हूटर और सायरन बजाते हुए कस्बा कलवारी, चमनगंज बाजार, चरकैला बाजार, पाऊ बाजार, गायघाट, बहादुरपुर, रानीपुर, कुसौरा एवं अगौना बाजार सहित प्रमुख स्थानों पर भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी तथा लोगों से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च में चौकी प्रभारी गायघाट उपनिरीक्षक राकेश मिश्रा, चौकी प्रभारी माझाखुर्द उपनिरीक्षक शैलेश यादव, चौकी प्रभारी बहादुरपुर उपनिरीक्षक तेज प्रताप सिंह सहित समस्त हल्का प्रभारी एवं बीट पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
