राकेश कुमार की रिपोर्ट
प्रयागराज। जौनपुर जनपद के थाना तेजी बाजार क्षेत्र में एक अध्यापक से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले नाबालिग आरोपी को जीआरपी ने छिवकी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। रंगदारी न मिलने पर आरोपी ने फायरिंग की थी और मौके से फरार हो गया था।
जीआरपी को शनिवार को सूचना मिली कि 15 वर्षीय किशोर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अध्यापक से 20 लाख रुपये की मांग की थी। इंकार करने पर फायरिंग कर दी गई। इस मामले में थाना तेजी बाजार में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जानकारी मिली कि आरोपी ट्रेन संख्या 22177 महानगरी एक्सप्रेस से मुंबई भागने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर जीआरपी प्रयागराज प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में छिवकी चौकी प्रभारी राजेश कुमार वर्मा व टीम ने छिवकी रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एस-6 कोच से आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के बाद उसे जौनपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
हत्या का वांछित आरोपी ताप्ती गंगा ट्रेन से दबोचा गया
एक अन्य कार्रवाई में बलिया पुलिस की सूचना पर जीआरपी ने हत्या के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी मिथुन साहनी पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप है, जिसके संबंध में थाने में एफआईआर दर्ज है। सूचना मिली कि वह ताप्ती गंगा ट्रेन से यात्रा कर रहा है।
छिवकी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर जीआरपी टीम ने चेकिंग कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए बलिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
