के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। आगामी पर्व होलिका दहन, रंगोत्सव तथा रमजान माह को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने तहसील मेहदावल व थाना धर्मसिंहवा क्षेत्र के ग्राम मुसहरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान व ग्रामीणों के साथ बैठक की।





बैठक के दौरान अधिकारियों ने कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों से फीडबैक लिया तथा होलिका दहन स्थल का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि होली और रमजान के त्योहार पारंपरिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं तथा किसी नई परंपरा या व्यवस्था की शुरुआत न की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी से प्रशासन को सहयोग देने की अपेक्षा की।।
बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में लगभग 250 बच्चों के सापेक्ष केवल एक शिक्षक व एक शिक्षामित्र कार्यरत हैं। इस पर जिलाधिकारी ने शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। ग्राम सचिव के नियमित रूप से गांव न आने की शिकायत पर संबंधित अधिकारी को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन एवं विद्यालय में मिड-डे-मील की गुणवत्ता को संतोषजनक बताया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदमन सिंह, तहसीलदार मेहदावल अल्पिका वर्मा, थाना प्रभारी, ओएसडी राकेश कुमार सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक व ग्रामीण उपस्थित रहे।
