शैलेंद्र कुमार, संवाददाता।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला के साथ होटल में ले जाकर दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक, ऑटो चालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात महिला हरिद्वार बस अड्डे के पास पहुंची, जहां वह एक ऑटो में सवार हुई। कुछ दूरी पर ऑटो चालक ने उसे एक कार में बैठा दिया। आरोप है कि कार चालक महिला को बहला-फुसलाकर शिवमूर्ति गली स्थित सुकून गेस्ट हाउस ले गया। उसके पीछे ऑटो चालक भी वहां पहुंच गया।
महिला का आरोप है कि होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। किसी तरह वहां से निकलकर वह नगर कोतवाली पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत में श्याम और अंकित पर दुष्कर्म तथा गोविंदा पर सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।
कोतवाली नगर प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर जांच शुरू की गई। रविवार को पुलिस ने आरोपी अंकित वर्मा, श्याम साहू तथा होटल मैनेजर गोविंदा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि मैनेजर ने बिना आईडी लिए और रजिस्टर में प्रविष्टि किए बिना कमरा उपलब्ध कराया तथा अन्य आरोपियों की सहायता की।
पुलिस ने तीनों के विरुद्ध प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
