— के.के. मिश्रा, संवाददाता
फिरोजाबाद। भीम सेवक संघ द्वारा रविवार को नगला मिर्जा बड़ा स्थित जिला कार्यालय पर कांशीराम का जन्मदिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के नए जिला कार्यालय का भी विधिवत उद्घाटन किया गया।




कार्यक्रम का आयोजन संगठन के संस्थापक गुलाब सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला अध्यक्ष गौरव कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें समाज के अनेक गणमान्य लोग और संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भीम सेवक संघ के संरक्षक रामदास मानव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने फीता काटकर जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के तहत मान्यवर कांशीराम साहब की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसका कार्यक्रम स्थल पर जोरदार स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन करते हुए महापुरुषों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके साथ ही केक काटकर उनका जन्मदिवस मनाया गया।
सभा को संबोधित करते हुए आगरा मंडल अध्यक्ष मोनू सिंह ने कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब ने समाज को जागरूक करने, संगठित करने और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।
वहीं जिला प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार और कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार ने भी कांशीराम साहब के विचारों पर चलने और समाज को संगठित करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में गुलाब सिंह, गौरव कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, अनमोल, रवित पाल, नरेश कुमार, कृष्णा राज, राजेश कुमार, महावीर, भीम प्रकाश गौतम, संजीव कुमार, सोनू निगम, गुलशन कुमार, बॉबी, सन्नी, अमित, मोनू सिंह, विनोद कुमार और मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज के लोग उपस्थित रहे।
अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और उपस्थित साथियों का आभार व्यक्त किया गया।
