गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर के बोगी स्प्रिंग अनुभाग में आधुनिक स्प्रिंग पेंट बूथ का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक डॉ. सुनील कुमार शर्मा की उपस्थिति में संस्थान की वरिष्ठ महिला कर्मचारी मधुबाला श्रीवास्तव ने फीता काटकर उद्घाटन किया। यह पहल कार्यस्थल पर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और समावेशी कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रतीक है।
उद्घाटन के दौरान डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पहले स्प्रिंग पेंटिंग का कार्य पारंपरिक हस्तचालित तरीके से किया जाता था, जिसमें अधिक समय लगता था और गुणवत्ता में एकरूपता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता था। अब स्वचालित पेंट बूथ की स्थापना से यह कार्य अधिक तेज, सुव्यवस्थित और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्प्रिंग पर समान रूप से पेंटिंग सुनिश्चित हो रही है। साथ ही वैज्ञानिक ‘क्योरिंग’ प्रक्रिया से पेंट की मजबूती और टिकाऊपन में भी वृद्धि हुई है। बंद वातावरण में पेंटिंग होने से धूल और नमी का प्रभाव कम होगा, जिससे फिनिशिंग की गुणवत्ता बेहतर बनेगी।
नई व्यवस्था कर्मचारियों को हानिकारक रसायनों और वाष्पों के सीधे संपर्क से बचाने में भी सहायक होगी, जिससे कार्यस्थल की सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों को मजबूती मिलेगी।
रेल प्रशासन के अनुसार यह पहल कारखाने के आधुनिकीकरण, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, गुणवत्ता सुधार और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर उप मुख्य यांत्रिक अभियंता (रिपेयर) सतेंद्र कुमार वर्मा, उप मुख्य यांत्रिक अभियंता (कार्य) अनुज मिश्रा, उप मुख्य यांत्रिक अभियंता (प्लांट) एच.आर. खान सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
