👉 दिनांक 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान।
👉 दिनांक 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया जाएगा दस्तक अभियान।
के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अन्तर्गत अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों की ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों जैसे- आशा, एएनएम, आँगनबाड़ी कार्यकत्री सहित अन्य के द्वारा किये जा रहे कार्यो में गुुणवत्ता एवं प्रगति की मॉनीटरिंग संबंधित चिकित्सा अधिकारी को करते रहने हेतु निर्देशित किया तथा कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही पाये जाने पर संबंधित आशा/ए0एन0एम0 के विरूद्व कार्य करें। संबंधित एमओआईसी अपने अधीनस्थ ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कार्यकत्रियों का रूटीन रजिस्टर/आशा डायरी का भी निरीक्षण करें तथा गावों में भ्रमण के दौरान कार्यो का सत्यापन एवं आम जनता का फीडबैक भी लें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रामानुज कनौजिया द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान चलाया जाएगा, जिसमें दिनांक 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसमें स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागों की समन्वयता के साथ संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम/दस्तक अभियान व जन जागरूकता कार्यक्रम के बारे में आम जनमानस को जागरूक करने के साथ-साथ वेक्टर वार्न डिजीज सहित अन्य संचारी रोगों की स्थिति, बचाव, उपचार के बारे में आम जनमानस को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसकी मॉनीटरिंग डब्लू0एच0ओ0 व यूनीसेफ सहित अन्य स्वास्थ्य सम्बंधी ऑर्गेनाइजेशन द्वारा की जायेगी।
जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान हेतु चलाये जा रहे अभियान एवं प्रयासों आदि में अब तक की गयी तैयारियों व विभिन्न स्तरों पर समन्वय समिति की बैठकों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों एवं चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वयता बनाकर अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगो को जागरूक करें।
जिलाधिकारी ने समस्त चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि उक्त अभियान की जमीनी स्तर पर सफलता के दृष्टिगत सभी चिकित्सा अधिकारी अपने-अपने विकासखंडों पर बैठक कर माइक्रो प्लान बना लें और अपनी कार्य योजना आगामी 27 मार्च तक अवश्य उपलब्ध करा दें।
जिलाधिकारी ने माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया कि विद्यालयों में संचारी रोगों से नियंत्रण एवं बचाव के प्रति बच्चों को जागरूक किया जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि दिनांक 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाये जाने वाले दस्तक अभियान के तहत ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी, आशा कार्यकत्री, ए0एन0एम0 द्वारा घर-घर जाकर ए0ई0/जे0ई0/बुखार रोगियों को चिन्हित करना एवं उनको तेज बुखार होने पर 102/108 एम्बुलेंस द्वारा नजदीकी सीएचसी/पीएचसी पर भेजने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के तहत घर-घर जाकर टीम दस्तक देगी और सभी घरों के कूलर, पुराने टूटे बर्तन, मिटटी के गमले, पॉटस, टायर, फ्रीज के पीछे की ट्रे, पानी स्टोर के बर्तन आदि को चेक करेंगी तथा संचारी रोगों से बचाव हेतु सुरक्षात्मक उपायों को अपनाने के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचारी रोग नियत्रंण अभियान को सफल बनाने के दृष्टिगत कृषि, पशुपालन नगरपालिका, नगर निकाय, पंचायतीराज सहित सम्बंधित विभागों को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वयता बना कर अपने विभागीय कार्याे एवं उत्तरदायित्वों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से सम्पादित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने संचारी रोगों से बचाव हेतु नगर विकास विभाग सहित नगर पालिका परिषद को साफ सफाई, नालियों की सफाई, अपशिष्ट जल निकासी, फॉगिंग कराते रहने का निर्देश दिया है तथा ग्रामीण स्तर पर ग्राम प्रधानों तथा निगरानी समितियों के माध्यम से संचारी रोगों से बचाव के प्रति बच्चों महिलाओं आदि को घर-घर दस्तक देकर जागरूक करने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने जनपद में संचारी रोगो के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष संवेदनशीलता बरतने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रामानुज कनौजिया, प्रभागीय बनाधिकारी हरिकेश यादव सहित स्वास्थ्य समिति के सदस्यगण, स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रतिनिधि व संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
