— राकेश कुमार, संवाददाता।
प्रयागराज। प्रयागराज में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदलने के साथ तेज बारिश और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घटनाएं गंगापार क्षेत्र के सहसों, सोरांव और जंघई इलाके में हुईं। सूचना पर पुलिस व संबंधित तहसील के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
सहसों में किसान की मौत, पुत्र घायल
सहसों क्षेत्र के चकिया घरहरा गांव निवासी किसान संग्राम यादव शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे गोशाला में पशुओं को चारा दे रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ पास के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर संग्राम यादव और उनके पुत्र ज्ञान सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संग्राम यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि ज्ञान सिंह का इलाज जारी है। घटना में दो गोवंश की भी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र मौर्य मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली।
सोरांव में शौच के लिए जाते समय युवक की मौत
सोरांव विकास खंड के जलालपुर मलाक गांव निवासी 55 वर्षीय राम बहादुर शुक्रवार सुबह घर के पास शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के पुत्र शिव बहादुर ने पुलिस को सूचना दी।
जंघई में छात्र की जान गई
प्रयागराज-जौनपुर सीमा से सटे मोलनापुर गांव निवासी 17 वर्षीय अजीत चौहान, जो नागरिक इंटर कॉलेज जंघई में कक्षा 11 का छात्र था, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे खेत की ओर जा रहा था। हल्की बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि उसके जेब में रखा मोबाइल फोन भी ब्लास्ट हो गया।
परिजन उसे पहले मछलीशहर के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन उसे मड़ियाहूं अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अजीत तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
