कुदरहा/बस्ती। बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से एक मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनकटवा निवासी राहुल यादव मोटरसाइकिल से कुदरहा से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह रामजानकी मार्ग स्थित पिपरपाती चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राहुल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस के माध्यम से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
