•बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर समेत इन स्टेशनों पर होगा टहराव।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा ग्रीष्मकाल में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए गोरखपुर और पुणे के मध्य प्रतिदिन ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 01415/01416 पुणे–गोरखपुर–हडपसर ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन का संचालन पुणे से 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक तथा गोरखपुर से 2 अप्रैल से 1 मई 2026 तक प्रतिदिन कुल 30 फेरों के लिए किया जाएगा।
01415 पुणे–गोरखपुर विशेष ट्रेन प्रतिदिन सुबह 6:50 बजे पुणे से प्रस्थान कर दौंड, अहिल्यानगर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई जंक्शन (झांसी), उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती होते हुए शाम 4:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में 01416 गोरखपुर–हडपसर विशेष ट्रेन गोरखपुर से शाम 5:30 बजे प्रस्थान कर बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, अहिल्यानगर और दौंड होते हुए तीसरे दिन तड़के 3:15 बजे हडपसर पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 5, शयनयान श्रेणी के 6, साधारण द्वितीय श्रेणी के 4 तथा 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यह विशेष ट्रेन गर्मियों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए चलाई जा रही है, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
