सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जनपद के विकास खंड इटवा में प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज जगदंबिका पाल रहे। अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, पूर्व विधायक इटवा डा. सतीश द्विवेदी तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।




कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में सांसद जगदंबिका पाल ने प्रदेश सरकार के पिछले 9 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस अवधि में विकास, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिला है।
उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार सृजन और कौशल विकास कार्यक्रमों तथा महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु चलाई जा रही योजनाओं को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धि बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 9 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई दी। वहीं पूर्व विधायक डा. सतीश द्विवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, जिसे कभी ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, आज विकास के मामले में अग्रणी बन चुका है और एक्सप्रेस-वे व एयरपोर्ट के लिए जाना जा रहा है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया, जहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान स्वयं सहायता समूह की 7 महिलाओं, समाज कल्याण विभाग के 2 लाभार्थियों, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के 5 तथा आवास योजना के 3 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इसके अलावा अतिथियों द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, खंड विकास अधिकारी इटवा अनिशि मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
