बस्ती। मंगलवार को शिवसेना (यूबीटी) के जिलाध्यक्ष इं. रूपेन्द्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने मुख्य विकास अधिकारी को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में गौवंश से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के बाद इं. रूपेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद की गौशालाओं में रह रहे गौवंश के लिए भोजन, दवा और रखरखाव की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण गाय, बैल और बछड़े असमय मर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीमार पशुओं के इलाज की व्यवस्था नहीं है और चारा-पानी की भी भारी कमी है, जिससे गौवंश तड़प-तड़प कर मरने को मजबूर हैं, जबकि प्रशासन व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का दावा कर रहा है।
उन्होंने बताया कि कोइलपुरा, सोधिया घाट पिड़वाल, कान्हा गौशाला, छेड़िहा, अजमतपुर और घुक्सा समेत कई गौशालाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय है। न तो पर्याप्त कर्मचारी हैं और न ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे सरकारी दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि छुट्टा पशुओं की जिम्मेदारी संबंधित बीडीओ, ग्राम प्रधान और सचिव को सौंपी गई है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की जा रही है। छुट्टा पशुओं के कारण किसानों की फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं।
मीडिया प्रभारी सूरज कुमार शुक्ल के अनुसार, ज्ञापन देने वालों में जिला महासचिव आनन्द त्रिपाठी, जिला उप प्रमुख शिवम प्रताप सिंह, आदित्य सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
