— के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर: अपर जिलाधिकारी (वि/रा) जय प्रकाश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के लगभग 45 पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पूर्व सैनिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हवलदार ऋषिकेश के लंबे समय से लंबित प्रकरण पर सुनवाई करते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा उप जिलाधिकारी खलीलाबाद को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूर्व सैनिक लक्ष्मण प्रसाद की भूमि के वन विभाग द्वारा अधिग्रहण के मामले में अपर जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है तथा संबंधित पत्राचार की प्रति पूर्व सैनिकों एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्रा ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान में अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं।
बैठक में अधिशासी अभियंता (विद्युत) खलीलाबाद, जिला सेवायोजन अधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी, इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
