हरिद्वार से गंगेश कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार(उत्तराखंड)। हरिद्वार में रसोई गैस सिलेंडर की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण लोग मायूस होकर लौट रहे हैं।
होम डिलीवरी सेवा भी प्रभावित है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। भूपतवाला स्थित करपात्री चौक पर स्थित इंडियन दीपिका गैस एजेंसी पर मंगलवार को सिलेंडर की कमी को लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही लाइन में खड़े रहे, लेकिन अधिकांश को खाली हाथ लौटना पड़ा।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो समस्या और विकराल हो सकती है।
इसके अलावा, कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि उन्हें गैस सिलेंडर की पर्ची भी नहीं मिल रही है। एजेंसी पर पर्ची कटवाने पहुंचे लोगों से पहले केवाईसी (KYC) कराने को कहा जा रहा है, जिसके बाद ही पर्ची जारी की जा रही है।
उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि गैस बुकिंग तो हो जा रही है, लेकिन डीएसी (DAC) नंबर का मैसेज नहीं आ रहा है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। इस समस्या का समाधान न होने से लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
