•समापक राशि व सेवा प्रमाण-पत्र वितरित, अधिकारियों ने दी सुखमय जीवन की शुभकामनाएं।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में 31 मार्च, 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में उन्हें समापक राशि के प्रपत्र एवं सेवा प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मनोज कुमार ने अपने कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्य इंजीनियर/निर्माण श्री महेन्द्र नाथ मिश्र, सचिव/प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री शैलेश कुमार सिंह, सहायक परिचालन प्रबंधक श्री अशोक कुमार मिश्र तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल श्री नरेन्द्र कुमार को सम्मानित किया। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों के स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।
वहीं कार्मिक विभाग के सभाकक्ष में आयोजित एक अन्य समारोह में अध्यक्ष/रेलवे भर्ती सेल श्री राजेश कुमार गुप्ता एवं उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/मुख्यालय श्री वी.के. द्विवेदी ने 8 अराजपत्रित रेल कर्मचारियों को समापक राशि के प्रपत्र एवं सेवा प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों के दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में कार्मिक एवं लेखा विभाग के अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल भावुक एवं गरिमामय बना रहा।
इसी क्रम में लेखा विभाग में आयोजित कार्यक्रम में 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ लेखाकार श्री मनोज कुमार एवं श्री आर.एफ. लूथर को प्रधान वित्त सलाहकार श्री अमरजीत गौतम द्वारा सम्मानित किया गया।
