•गोरखपुर में आयोजित संगोष्ठी में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने दिए निर्देश, एआई आधारित सिस्टम से वन्यजीवों की सुरक्षा पर भी फोकस।
रिपोर्ट: एल०एम० पाण्डेय।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर के निर्देशन में सिगनल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा सोमवार को गोरखपुर स्थित महाप्रबंधक सभाकक्ष ‘चैतन्य’ में तीनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित की गई।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे संरक्षा में सिगनल एवं दूरसंचार विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार का शॉर्टकट स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने उपकरणों के गुणवत्तापूर्ण अनुरक्षण, अद्यतन तकनीकों के अधिकतम उपयोग तथा कार्यों में निरंतर नवाचार पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्षेत्र में समन्वय बनाते हुए दैनिक कार्यों की अद्यतन स्थिति बनाए रखें, जिससे रेल संचालन निर्बाध रूप से चलता रहे। साथ ही अन्य रेलवे जोनों में उपयोग हो रही नई तकनीकों का अध्ययन कर उन्हें पूर्वोत्तर रेलवे में लागू करने की आवश्यकता बताई।
महाप्रबंधक ने विशेष रूप से अर्थिंग, तड़ित चालक, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, ऑटोमेटिक सिगनलिंग और ‘कवच’ जैसी संरक्षा संबंधी परियोजनाओं को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों एवं तकनीशियनों के नियमित प्रशिक्षण पर भी बल दिया।
वन्यजीव संरक्षण के तहत उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक पर हाथियों की सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित इंट्रूजन डिटेक्शन सिस्टम लागू करने की योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इससे पूर्व प्रमुख मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री एम.एल. मकवाना ने संरक्षा, ट्रेन संचालन, समपार फाटक, सिगनल उपकरणों के उत्पादन, केबल सुरक्षा, ‘कवच’ प्रणाली, एक्सल काउंटर, ऑटोमेटिक सिगनलिंग तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संगोष्ठी में विभिन्न विभागाध्यक्षों ने मंडलों में आ रही समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा करते हुए सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान सिगनलिंग, दूरसंचार, निर्माण कार्यों, ‘कवच’ प्रणाली, सिगनल कारखाना गोरखपुर की प्रगति तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर पावर प्वाइंट प्रस्तुतियां भी दी गईं।
अंत में मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (नियोजन) श्री नीलाभ महेश ने सभी उपस्थित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
