लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व व निर्देशन में ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण हेतु प्रदेश के प्रत्येक विकास खण्ड की दो ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार को ग्राम चौपाल (गांव की समस्या–गांव में समाधान) का आयोजन किया जा रहा है।
इन चौपालों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही किया जा रहा है।डबल इंजन सरकार द्वारा गांव और गरीबों तक सीधे पहुंचने की इस पहल से जहां गांवों में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी मिल रही है, वहीं सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आई है।
उप मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में ठोस और प्रभावी रूपरेखा बनाकर ग्राम चौपालों का आयोजन कराया जा रहा है। चौपालों से पूर्व गांवों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा इनके व्यापक प्रचार-प्रसार की भी व्यवस्था की जा रही है।इन ग्राम चौपालों में व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ सार्वजनिक समस्याओं का भी निराकरण किया जा रहा है।
संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के क्रम में नियमित रूप से ग्राम चौपालों का आयोजन सुनिश्चित किया जा रहा है।
ग्राम्य विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, योजना के प्रारंभ से अब तक 1 लाख 94 हजार से अधिक ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें 6 लाख 36 हजार से अधिक समस्याओं एवं प्रकरणों का निस्तारण किया गया है। उल्लेखनीय है कि जनवरी 2023 से प्रत्येक शुक्रवार को प्रत्येक विकास खण्ड की दो ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपालों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
