बस्ती। गुरुवार को भगवान श्री चित्रगुप्त के प्राकटोत्सव के अवसर पर शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कायस्थ सेवा ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार श्रीवास्तव के संयोजन में श्री चित्रगुप्त मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में भगवान श्री चित्रगुप्त के सुसज्जित रथ के साथ ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर पाठक जी की कोठी, कम्पनी बाग चौराहा, फव्वारा तिराहा, बैरिहवा चित्रगुप्त चौक व रौता चौराहा होते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां आरती के साथ समापन हुआ।
मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान की आरती उतारी। बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि यह शोभायात्रा का दूसरा वर्ष है, जिसमें सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिल रही है। मंडल अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त को यमराज के सहायक और ब्रह्मा के अंश के रूप में माना जाता है, जो समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। यह आयोजन ज्ञान, सुख और समृद्धि का प्रतीक है।
शोभायात्रा में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नेहा वर्मा, भाजपा नेता अंकुर वर्मा, राणा दिनेश प्रताप सिंह, बसपा नेता सचिन श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
