कुदरहा। शैक्षिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के साथ ही कुदरहा में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के प्रति लोगों को प्रेरित किया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।

उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में विकास क्षेत्र कुदरहा के तीन प्रमुख विद्यालय- जूनियर हाई स्कूल कुदरहा, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय कुदरहा ने संयुक्त रूप से अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत की।
रैली के दौरान शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने स्थानीय बाजारों और बस्तियों में भ्रमण कर अभिभावकों को जागरूक किया। “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे” जैसे नारों के माध्यम से बच्चों को विद्यालय भेजने का संदेश दिया गया। साथ ही, अभिभावकों को सरकार द्वारा दी जा रही निःशुल्क सुविधाओं—यूनिफॉर्म, पुस्तकें एवं मध्याह्न भोजन की जानकारी भी दी गई।
विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास की कुंजी है।
रैली का नेतृत्व जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक डॉ. सुनील यादव, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन वत्सला श्रीवास्तव तथा प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ममता देवी ने किया। इस अवसर पर प्रेम सागर, राम अवध, राम हरीश चौधरी, जयप्रकाश, कृष्ण गोपाल पांडेय, मुक्तेश्वर चौहान, नेहा यादव, तबस्सुम सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
