हरिद्वार से गंगेश कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार/रुड़की (उत्तराखंड)। रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक अब दूसरी युवती से शादी करने की तैयारी कर रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती की इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक युवक से जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया और इसी झांसे में लेकर विभिन्न स्थानों व होटलों में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती के अनुसार, अब युवक के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है, जो लगभग डेढ़ महीने बाद होने वाली है। इसके बाद युवक ने उससे बातचीत बंद कर दी और उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
जब युवती को युवक की शादी की जानकारी मिली तो उसने अन्य नंबर से संपर्क कर शादी के लिए दबाव बनाया, लेकिन युवक ने इंकार कर दिया। विरोध करने पर उसने युवती से अभद्र व्यवहार किया और फोन काट दिया।
परेशान होकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
