•एसपी व एडीएम ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।
— के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 150 फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई की गई। इनमें से 22 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने शेष प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
धनघटा तहसील में आयोजित समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश मौजूद रहे। यहां कुल 69 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में जांच कर निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। वहीं, कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए एसपी ने पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मेहदावल तहसील में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 34 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 का मौके पर निस्तारण किया गया। 8 मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम गठित की गई।

खलीलाबाद तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ, जहां कुल 47 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 5 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 6 मामलों में स्थल जांच के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी से संबंधित शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया जाए और आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर जांच सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान तीनों तहसीलों में संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
