– के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति, जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति, पीएम विश्वकर्मा जिला क्रियान्वयन समिति तथा विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगारपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग द्वारा निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना एवं सीएम युवा अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक एसबीआई एवं उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत प्राप्त एमओयू एवं जीबीसी-5 प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जानकारी दी गई कि जनपद को 2000 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अब तक 1107 करोड़ रुपये के प्रस्ताव जीबीसी रेडी पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जीबीसी-5 के तहत अधिक से अधिक एमओयू हस्ताक्षरित कराकर लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के भौतिक सत्यापन कर पात्र एवं अपात्र सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग राज कुमार शर्मा, लीड बैंक मैनेजर पवन कुमार सिन्हा, एआरटीओ पियंवदा सिंह, उपायुक्त जीएसटी राजेश पांडेय, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।
