सरदार सेना ने एसपी से की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग।
बस्ती। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने एक युवक को जानलेवा हमला कर घायल कर दिया, जबकि पुलिस ने उल्टा पीड़ित के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया।
गुरुवार को लालगंज थाना क्षेत्र के उमरिया उर्फ अमिलहा गांव के निवासी पुलिस अधीक्षक से मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सरदार सेना के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य चौधरी ब्रजेश पटेल और जिलाध्यक्ष विनय चौधरी भी मौजूद रहे।
पीड़ित रामसेवक चौधरी पुत्र परशुराम चौधरी ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 19 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे वह खेत जा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद को लेकर उन पर लोहे की रॉड, हॉकी और पाइप से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें लगीं।
आरोप है कि प्राथमिक उपचार के दौरान भी हमलावरों ने बाजार में पहुंचकर उनके साथ दोबारा मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बाद में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी और फिर जिला अस्पताल बस्ती से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। उल्टा, आरोपियों के प्रभाव में आकर उनके खिलाफ ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। वहीं, आरोपियों के खिलाफ हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर दी गई।
पीड़ित और सरदार सेना के पदाधिकारियों ने एसपी से मांग की है कि पीड़ित पर दर्ज मुकदमे को निरस्त कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
