•डीएम मयूर दीक्षित का आदेश, 27 अप्रैल से 26 मई तक नई समय-सारिणी लागू।
संवाददाता: अरविंद गोयल।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। जनपद में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन के निर्देश जारी किए हैं। शासन के निर्देशों के क्रम में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था 27 अप्रैल 2026 से 26 मई 2026 तक लागू रहेगी।
नई समय-सारिणी के अनुसार प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूलों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। विद्यालयों में नियमित अंतराल पर ‘वाटर बेल’ बजाई जाए, ताकि छात्र समय-समय पर पानी पी सकें और डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके।
इसके साथ ही स्कूलों में स्वच्छ पेयजल, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन, ओआरएस और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रों को गर्मी से बचाव के उपायों की जानकारी देने और तेज धूप के दौरान खेलकूद व बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने को भी कहा गया है।
डीएम ने यह भी निर्देशित किया है कि छुट्टी के बाद छात्र-छात्राओं को समूह में घर भेजा जाए, ताकि किसी आपात स्थिति में उन्हें सहायता मिल सके।
