मथुरा। यमुना नदी में भैंसों को नहलाने ले जाना एक पशुपालक को महंगा पड़ गया। नगर निगम की टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए भैंस को पकड़ लिया और पशुपालक से ₹8,300 का जुर्माना वसूल किया।
जानकारी के अनुसार, पीपलमंडी क्षेत्र निवासी अमित यादव अपनी भैंसों को यमुना में नहलाने के लिए ले गए थे। इसी दौरान नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भैंस को कब्जे में ले लिया। बाद में जुर्माना जमा कराने के बाद ही भैंस को छोड़ा गया।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) द्वारा यमुना नदी में भैंसों या अन्य पशुओं को नहलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसी नियम के तहत यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि पशुओं के रखरखाव के लिए ₹300 प्रतिदिन के हिसाब से चारे का शुल्क भी वसूला जाता है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यमुना किनारे आगे भी निगरानी और सख्ती जारी रहेगी।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने पशुपालकों से अपील की है कि वे एनजीटी के दिशा-निर्देशों का पालन करें और यमुना नदी की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
