•मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी
— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जनपद में पूर्व प्रधान के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पंडोखर निवासी पूर्व प्रधान गौरव प्रताप यादव (पुत्र स्व. दयाशंकर यादव) के विरुद्ध सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) दीप श्रीवास्तव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत में दीप श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि 18 मार्च 2026 को दोपहर करीब ढाई बजे ब्लॉक कार्यालय बघौली परिसर में आरोपी पहुंचा और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौज की तथा लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके अलावा, शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि 8 मार्च 2026 को आरोपी उनके सरिया बाईपास स्थित आवास पर पहुंचा था, जहां उसने कथित रूप से रिवॉल्वर दिखाकर धमकी दी थी। इस संबंध में पूर्व में कोतवाली खलीलाबाद में उच्चाधिकारियों को सूचना भी दी गई थी।
घटना के दौरान कार्यालय परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि उनकी जान को खतरा है और किसी भी अनहोनी की स्थिति में संबंधित आरोपी जिम्मेदार होगा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
