-राहुल मिश्रा, संवाददाता।
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख के कर्मठ एवं लोकप्रिय क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता के सिधौली स्थानांतरण के अवसर पर पत्रकार साथी प्रथम मिश्रा एवं मीडिया के सहयोगियों द्वारा एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि अल्प कार्यकाल में ही विशाल गुप्ता ने अपने उत्कृष्ट कार्यों, गुडवर्क और कर्तव्यनिष्ठा से क्षेत्र में एक मजबूत पहचान स्थापित की। उनकी कार्यशैली में दृढ़ता के साथ-साथ संवेदनशीलता भी देखने को मिली, जिससे आमजन के बीच उन्होंने विशेष स्थान बनाया।
विशेष रूप से 84 कोसीय परिक्रमा एवं होली मेला 2026 जैसे बड़े और संवेदनशील आयोजनों को उन्होंने अपनी सूझबूझ, कुशल नेतृत्व और बेहतर समन्वय क्षमता से सफलतापूर्वक संपन्न कराया, जो उनकी प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण है।
वक्ताओं ने कहा कि उनका सरल स्वभाव, स्पष्ट सोच और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता उन्हें अन्य अधिकारियों से अलग पहचान देती है। उन्होंने यह सिद्ध किया कि सीमित समय में भी ईमानदारी और समर्पण से कार्य कर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
कार्यक्रम में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा गया कि भले ही उनका स्थानांतरण प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन उनके कार्य और उनकी छवि हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।
अंत में उपस्थित लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे अपने नए कार्यक्षेत्र में भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित करें।
