अफजलगढ (बिजनौर )। श्री बालाजी मन्दिर , नीम करौली धाम पत्थरवाला में श्रीराम भक्त महावीर हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शुक्रवार, 3 मार्च को भव्य संकीर्तन कार्यक्रम एवं विशाल भण्डारे का आयोजन बड़े धूमधाम के साथ किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन मंदिर के संस्थापक महन्त मोहित त्यागी के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी तादाद में श्रद्धालुगण शामिल हुए तथा मन्दिर पहुंचकर महावीर हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष सिन्दूर, पुष्प , गुड चने एवं वेसन से निर्मित लड्डू का भोग अर्पित कर भण्डारा प्रसाद ग्रहण किया और अपने समाज एवं परिवार की सुख-समृद्धि एवं सुखद जीवन की मंगल कामना की। पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा खेल सिंह राजपूत एवं भाजपा मण्डल अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में हनुमान चालीसा, हनुमान अष्टक एवं भक्ति संगीत के माध्यम से महावीर हनुमान जी की महिमा का सुंदर चित्रण किया गया।
कार्यक्रम आयोजन में पवन कुमार सिंघल , दीपा सिंघल , नैना सिंघल , देवेन्द्र प्रसाद, अमित त्यागी,डा. भूपेंद्र सिंह, विकास कुमार, सपना चौहान, शिवभक्त रितिक त्यागी, मंजू त्यागी आदि का विशेष सहयोग रहा।
