•डीआईजी ने रामबाग स्थित विद्यालय में कार्यक्रम कर दी अहम जानकारियां, हेल्पलाइन नंबरों की भी दी जानकारी।
बस्ती। परिक्षेत्रीय कार्यालय बस्ती के अंतर्गत ‘मिशन शक्ति अभियान 5.0 (द्वितीय चरण)’ के तहत पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी द्वारा सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, रामबाग में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।




कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क करना तथा महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा। अपने संबोधन में डीआईजी ने कहा कि प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और उनका निस्तारण किया जाता है।
उन्होंने डिजिटल युग में बढ़ती चुनौतियों का उल्लेख करते हुए छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग और फिशिंग जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, सोशल मीडिया अकाउंट को प्राइवेट रखें और किसी के साथ भी अपनी व्यक्तिगत जानकारी या ओटीपी साझा न करें।
डीआईजी ने आपात स्थिति में सहायता के लिए 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपात सेवा), 1076, 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) तथा 108/102 (एम्बुलेंस सेवा) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी, महिला थाना प्रभारी शालिनी सिंह, विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
