•मुख्यमंत्री को भेजा पांच सूत्रीय ज्ञापन, परिजनों को मुआवजा व अनुकम्पा नियुक्ति देने की उठाई मांग।
बस्ती। आम आदमी पार्टी ने थाना परशुरामपुर में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक अजय गौड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में सीबीआई जांच की मांग उठाई है। मंगलवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पांच सूत्रीय ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में मांग की गई है कि उपनिरीक्षक अजय गौड़ की मृत्यु के पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही जांच के दौरान किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति अथवा अधिकारी के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त मृतक उपनिरीक्षक के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा तत्काल एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान करने, आश्रित को अनुकम्पा नियुक्ति देने, पेंशन, बीमा राशि तथा अन्य देय सेवा लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन के उपरांत जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा ने कहा कि देवरिया जनपद निवासी अजय गौड़ (2015 बैच) फरवरी 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। 9 फरवरी 2026 को उनका शव अयोध्या जनपद में सरयू नदी में उतराता हुआ मिला। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर व संदिग्ध है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है।
प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप जायसवाल ने भी मामले को दुखद, चौंकाने वाला एवं संदेहास्पद बताते हुए पारदर्शी जांच की मांग की। ज्ञापन देने वालों में चंद्रभान कनौजिया, शेषपाल चौधरी, उमेश कुमार शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
