लखनऊ। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की छात्र विंग ASAP द्वारा गुरुवार को लखनऊ के परिवर्तन चौराहा स्थित केडी सिंह मेट्रो स्टेशन के निकट निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि और शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए फीस अधिनियम 2018 को सख्ती से लागू करने की मांग उठाई और अभिभावकों के आर्थिक शोषण पर तत्काल रोक लगाने की अपील की।
प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र विंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने किया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे ASAP के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद मौके पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बना रहा।धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महासचिव अनित रावत ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से निजी स्कूलों के भरोसे छोड़ दी गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निजी स्कूल हर वर्ष मनमाने तरीके से 20 से 30 प्रतिशत तक फीस बढ़ाकर अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस प्रकार की फीस वृद्धि पर रोक नहीं लगाई गई, तो छात्र विंग प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगी।
अनित रावत ने कहा कि फीस अधिनियम 2018 केवल कागजों तक सीमित रह गया है और उसका जमीनी स्तर पर पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी निजी स्कूलों की सख्ती से निगरानी की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है, जिससे निजी स्कूलों का वर्चस्व बढ़ सके। उनके अनुसार यह स्थिति शिक्षा के बाजारीकरण को बढ़ावा दे रही है, जहां शिक्षा एक सेवा के बजाय व्यवसाय का रूप लेती जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान अनित रावत ने यह भी कहा कि कई निजी स्कूल अभिभावकों पर कॉपी, किताब, जूते और ड्रेस एक ही दुकान से खरीदने का दबाव बनाते हैं, जो पूरी तरह अनुचित और नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने इस प्रकार की जबरन वसूली पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषी संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, यशवीर सिंह सेंगर, प्रदेश सचिव चंद्रजीत यादव, आकाश वर्मा, निरज गुप्ता, सलमान, सुरज, विकास, शाहिद, दिलशाद, पारूश, जीवन जोत और भीमराव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में छात्र विंग के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि फीस अधिनियम 2018 को पूरी तरह लागू नहीं किया गया और अभिभावकों को राहत नहीं मिली, तो यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा तथा प्रदेश के प्रत्येक जिले में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
गिरफ्तारी के बाद अनित रावत ने कहा कि यह कार्रवाई सरकार की तानाशाही मानसिकता को दर्शाती है, लेकिन शिक्षा के व्यवसायीकरण के खिलाफ उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
