•लिफ्ट-एस्केलेटर सुचारु रखने, निर्माण कार्य समय से पूरा करने और यात्रियों को असुविधा न होने के निर्देश।
रिपोर्ट : एल० एम० पांडेय।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने मंगलवार को गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन लखनऊ नीतू सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
अपर महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 9 पर कैब-वे, पे-एंड-यूज शौचालय, पेयजल व्यवस्था और पार्सल कार्यालय का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर व ड्रेनेज की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि यात्रियों को स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए।
उन्होंने लिफ्ट और एस्केलेटर को निरंतर चालू रखने तथा किसी भी सुविधा में कमी आने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही रनिंग रूम के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर चल रही पुनर्विकास एवं निर्माण परियोजनाओं का भी अवलोकन किया गया। अपर महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने तथा निर्माण के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
